भूमि विवाद में दो पक्षों में मारपीट,दरोगा पर लापरवाही के आरोप क्षेत्राधिकारी ने निष्पक्ष कार्रवाई का दिया आश्वासन

चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के अमोघपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोमवार सुबह लगभग 9:30 बजे अमोघपुर निवासी 65 वर्षीय श्याम लाला अपनी भूमि पर निर्माण कार्य करा रहे थे, तभी दूसरे पक्ष से विवाद उत्पन्न हो गया। श्याम लाला का आरोप है कि विपक्षी ज्ञान देव गुप्ता के पुत्र ने उन पर हमला करते हुए लाइसेंसी रिवॉल्वर के बट से प्रहार किया, जिससे उन्हें चोटें आईं।

पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद वह अलीनगर थाने पहुंचे और लिखित तहरीर दी, लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद न तो एफआईआर दर्ज की गई और न ही कोई त्वरित विधिक कार्रवाई की गई। वहीं, दूसरे पक्ष ज्ञान देव गुप्ता एवं उनके पुत्र ने आरोपों को निराधार बताते हुए दावा किया है कि श्याम लाला उनके हिस्से की भूमि पर अवैध निर्माण करा रहे थे और विरोध करने पर उन्होंने ईंट-पत्थर लेकर उन्हें दौड़ा लिया।

दोनों पक्षों के थाने पहुंचने के बाद भी प्राथमिकी दर्ज न होने से क्षेत्रीय दरोगा की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित पक्ष ने दरोगा पर लापरवाही एवं पक्षपात का आरोप लगाया है।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी डीडीयू नगर ने बताया कि दोनों पक्षों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा तथ्यों के अनुरूप विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।