खेरागढ़ पुल के पास दर्दनाक हादसा, 72 वर्षीय व्यक्ति की मौत

खेरागढ़। कस्बा खेरागढ़ में पुल के पास हनुमान मंदिर के समीप शनिवार दोपहर करीब 2 बजे हुए सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान देवीराम (उम्र लगभग 72 वर्ष) निवासी शाहपुर के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार देवीराम अपने पुत्र के साथ आगरा से दवा दिलाकर लौटे थे और खेरागढ़ से पैदल अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक अज्ञात दोपहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद उनका पुत्र उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेरागढ़ ले गया, जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए आगरा के लिए रेफर कर दिया। लेकिन आगरा ले जाते समय रास्ते में ही देवीराम की मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को खेरागढ़ थाने ले आए।

थाना प्रभारी मदन सिंह ने बताया कि परिजन मृतक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेरागढ़ ले गए थे, वहां से आगरा के लिए रेफर किया गया। रास्ते में मौत होने पर शव थाने लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अज्ञात दोपहिया वाहन की तलाश कर रही है।