सी.एण्ड.जे.इन्टर कॉलेज में मिशन शक्ति द्वारा कार्यक्रम का हुआ आयोजन

पीलीभीत। बृहस्पतिवार को सी.एण्ड.जे.इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति 5 अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आपको बता दें कि पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देशन में जनपद भर में चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5 अभियान के अंतर्गत थाना माधोटांडा की महिला सुरक्षा केंद्र टीम द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के तहत टीम ने थाना क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों में भ्रमण कर छात्र-छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा कानूनों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा केंद्र की टीम ने छात्र-छात्राओं को महिलाओं से संबंधित प्रमुख कानूनों जैसे घरेलू हिंसा अधिनियम, छेड़छाड़, साइबर अपराध, बाल संरक्षण कानून एवं पॉक्सो एक्ट के बारे में सरल भाषा में समझाया। वहीं टीम ने बताया कि किसी भी प्रकार की उत्पीड़न या असामाजिक गतिविधि की स्थिति में डरने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना देना चाहिए। महिला सुरक्षा टीम द्वारा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों 112 (आपातकालीन सेवा), 1090 (महिला हेल्पलाइन), 181, 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) सहित अन्य महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी गई। वहीं साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए टीम ने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी से बचाव, अनजान लिंक या कॉल से सतर्क रहने तथा अपनी निजी जानकारी साझा न करने की सलाह दी। छात्राओं को यह भी बताया गया कि साइबर अपराध की शिकायत कैसे और कहां दर्ज कराई जा सकती है। कार्यक्रम के अंत में पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी शंकाओं का समाधान किया और उन्हें आत्मनिर्भर, सजग एवं निर्भीक बनने का संदेश दिया। वहीं विद्यालय में एक शिकायत पेटिका भी लगाई गई और बताया गया कि छात्र-छात्राएं अपनी शिकायतों को लिखकर इस पेटिका में डालकर उसका समाधान पा सकते हैं।