हल्दी रोड स्टेशन पर तीन दिन में पूरा हुआ यार्ड रीमॉडलिंग का कार्य, एनएमजी रेकों का संचालन होगा तेज और सुरक्षित

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में हल्दी रोड रेलवे स्टेशन पर व्यापक यार्ड रीमॉडलिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इस बदलाव से एनएमजी (न्यू मॉडिफाइड गुड्स) रेकों के संचालन में तेजी आएगी और माल ढुलाई क्षमता में भी वृद्धि होगी।

यार्ड रीमॉडलिंग के तहत एनएमजी रेकों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए यार्ड में दो महत्वपूर्ण कांटों के बीच की दूरी बढ़ाई गई है। इसके अलावा लाइन संख्या-4 की नॉन-रनिंग लाइन को रनिंग लाइन में परिवर्तित किया गया है। इससे मालगाड़ियों के रेकों की प्लेसमेंट और निकासी पहले से अधिक सुगम हो सकेगी।

इस कार्य के दौरान सिग्नलिंग व्यवस्था में भी व्यापक तकनीकी बदलाव किए गए। पैनल इंटरलॉकिंग में जरूरी संशोधन कर नई यार्ड व्यवस्था के अनुरूप सुरक्षित ट्रेन संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।

तीन दिन में पूरा हुआ चुनौतीपूर्ण कार्य

रेलवे की तकनीकी टीम ने इस महत्वपूर्ण कार्य को महज तीन दिनों में पूरा किया। इसमें दो दिन प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और एक दिन नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य किया गया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के बेहतर तालमेल, सुनियोजित कार्ययोजना और तकनीकी दक्षता के चलते निर्धारित समय में काम पूरा हुआ।

इस कार्य को वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर धनंजय सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर भारत तिवारी और वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (टीआरडी) राजकुमार के नेतृत्व में संपन्न किया गया। अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने भी तीनों विभागों के बीच समन्वय की लगातार निगरानी करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने कार्य की सफलता पर सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनकी तकनीकी दक्षता, समर्पण और टीम भावना की सराहना की।

यार्ड रीमॉडलिंग पूरी होने से अब एनएमजी रेकों की प्लेसमेंट और निकासी में लगने वाला समय कम होगा। साथ ही मालगाड़ियों की आवाजाही अधिक सुरक्षित और सुगम बनेगी। इससे हल्दी रोड स्टेशन की परिचालन क्षमता बढ़ने के साथ माल परिवहन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।