इज्जतनगर मंडल में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया संविधान दिवस, डीआरएम वीणा सिन्हा के नेतृत्व में हुआ उद्देशिका का सामूहिक पाठ

इज्जतनगर मंडल में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया संविधान दिवस, डीआरएम वीणा सिन्हा के नेतृत्व में हुआ उद्देशिका का सामूहिक पाठ

अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान के आदर्शों, राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने का लिया संकल्प

बरेली।पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में 26 नवंबर को संविधान दिवस गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में आयोजित समारोह में मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ किया।

कार्यक्रम के दौरान सभी ने भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाए रखने के संकल्प को दोहराया। साथ ही प्रत्येक नागरिक को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा प्रतिष्ठा और अवसर की समानता सुनिश्चित करने के संवैधानिक आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

इस अवसर पर राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने और प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा को अक्षुण्ण रखने के लिए आपसी भाईचारे एवं बंधुता की भावना को मजबूत करने का भी संकल्प लिया गया।

समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार सहित मंडल के समस्त शाखाधिकारी एवं बड़ी संख्या में रेलकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान के मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।