रेलवे पेंशनरों को घर बैठे मिलेगा डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने का लाभ, इज्जतनगर मंडल में जागरूकता सेमिनार आयोजित

रेलवे पेंशनरों को घर बैठे मिलेगा डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने का लाभ, इज्जतनगर मंडल में जागरूकता सेमिनार आयोजित

फेस ऑथेंटिकेशन से आसान होगी जीवन प्रमाण पत्र प्रक्रिया

बरेली। रेलवे पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र की सुविधा के प्रति जागरूक करने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र विशेष अभियान 5.0 के तहत सेमिनार आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने की। इसमें अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारी और सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी शामिल हुए।

कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक डॉ. राकेश कुमार भारती ने पंजाब नेशनल बैंक के बरेली सर्किल प्रमुख और अन्य बैंक एवं लेखा अधिकारियों के साथ प्रस्तुतीकरण के माध्यम से पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने और ऑनलाइन जमा करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक के उपयोग और इसके फायदों के बारे में प्रशिक्षण दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि इस आधुनिक तकनीक के माध्यम से पेंशनभोगी अपने स्मार्टफोन से घर बैठे ही चेहरा प्रमाणित कर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। इससे उन्हें जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बैंक या सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। यह सुविधा पेंशनभोगियों के लिए प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाएगी।

सेमिनार में रेलवे वेतन खाता योजना और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता की जानकारी भी दी गई। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने कहा कि डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र की सुविधा से पेंशनभोगी घर बैठे या शिविरों के माध्यम से ऑनलाइन अपना प्रमाण पत्र बनवा सकते हैं। उन्होंने रेलवे वेतन पैकेज के तहत अधिक से अधिक कर्मचारियों को बैंकिंग सुविधाओं का लाभ दिलाने पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर मंडल के सभी शाखाधिकारी और सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग की ओर से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र विशेष अभियान 5.0 का आयोजन 1 से 30 नवंबर 2026 तक किया जा रहा है।