हरदोई में बारिश और वज्रपात का अलर्ट, 30 और 31 अक्टूबर को सतर्क रहने की अपील, 28 अक्टूबर से प्रदेश के मौसम में बदलाव की संभावना

हरदोई। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती मौसम तंत्र के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर हरदोई में भी 30 और 31 अक्टूबर को मौसम खराब रहने की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और बचाव संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दीपाली भार्गव ने बताया कि मौसम विभाग (आईएमडी), लखनऊ से प्राप्त पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम तंत्र के प्रभाव से 28 अक्टूबर से प्रदेश के मौसम में बदलाव आने की आशंका है।
मौसम विभाग के बुलेटिन में सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, गाजीपुर और बलिया सहित कई जिलों को विशेष सतर्कता वाले क्षेत्रों में शामिल किया गया है। इसके अलावा बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकरनगर समेत अन्य जिलों में भी मौसम प्रभावित होने की संभावना है।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि मौसम संबंधी पूर्वानुमान के आधार पर हरदोई के लिए 30 और 31 अक्टूबर को यलो अलर्ट प्रदर्शित किया गया है। इस दौरान बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने, मेघगर्जन और तेज हवाएं चलने की आशंका है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। आंधी, भारी बारिश और वज्रपात से बचाव के लिए जारी एडवाइजरी का पालन करें तथा मौसम संबंधी चेतावनियों के प्रति सतर्क रहें।