हरदोई के मल्लावां में कांग्रेस के तीन कार्यकर्ताओं से मारपीट का आरोप, एसपी ने सीओ बिलग्राम को सौंपी जांच, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडे ने एसपी से मिलकर की शिकायत

हरदोई। जिले की 159 बिलग्राम-मल्लावां विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के भौतिक सत्यापन और संगठनात्मक कार्य में जुटे कांग्रेस के तीन कार्यकर्ताओं के साथ कथित मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विक्रम पांडे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर संयुक्त शिकायत सौंपी। एसपी ने मामले की जांच सीओ बिलग्राम को सौंप दी है।
शिकायत के मुताबिक, 24 अक्टूबर 2026 को कांग्रेस के अधिकृत कार्यकर्ता एवं सेक्टर प्रभारी विनय दीक्षित, शोभित मिश्रा और आशीष यादव संगठन के निर्देश पर 159 बिलग्राम-मल्लावां विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के भौतिक सत्यापन और संगठनात्मक कार्य कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें रोककर उनके साथ मारपीट, अभद्रता और धमकी दी।
पीड़ितों का आरोप है कि उनके साथ क्षेत्रीय भाजपा विधायक के कार्यालय में मारपीट की गई। घटना के बाद तीनों कार्यकर्ताओं ने संयुक्त शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडे ने पुलिस अधीक्षक को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराते हुए कहा कि तीनों कार्यकर्ता संगठन की ओर से सौंपे गए दायित्व के तहत मतदाता सूची के सत्यापन का काम कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि संगठनात्मक कार्य में जुटे युवाओं के साथ इस तरह का व्यवहार गंभीर मामला है।
विक्रम पांडे ने उम्मीद जताई कि पुलिस निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। वहीं, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच सीओ बिलग्राम को सौंपी है। मामले में पुलिस की जांच और संबंधित पक्षों का बयान सामने आने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।