हरदोई मंडी में एसडीएम का छापा, धान खरीद में तेजी लाने के निर्देश, तहसील सदर गेट तक लगी थी लाइन, अधिकारियों के पहुंचने से मचा हड़कंप

हरदोई। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय के आदेश एवं अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) राजेंद्र कुमार के निर्देश पर मंगलवार, 27 अक्टूबर को उपजिलाधिकारी सदर गुलाब चन्द्र ने हरदोई मंडी स्थित धान खरीद केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। दोपहर चार बजे अचानक हुई इस कार्रवाई से मंडी परिसर में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने केंद्र प्रभारियों को किसानों से तत्काल धान खरीद शुरू करने और प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंडी में सरकारी खरीद के लिए रात से ही किसान अपनी उपज बेचने के इंतजार में लाइन लगाए हुए थे। तहसील सदर गेट तक किसानों की कतारें लगी थी। किसानों की सुविधा को देखते हुए नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, कोतवाली पुलिस और क्षेत्राधिकारी नगर के सहयोग से वाहनों को मंडी स्थित खरीद केंद्रों तक पहुंचाया गया। प्रशासन की इस पहल से धान बेचने पहुंचे किसानों में खुशी देखने को मिली।
हरदोई मंडी में धान खरीद के लिए कुल 27 केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें विपणन विभाग के 10, मंडी समिति के छह, यूपीएसएस के चार, पीसीएफ के दो और पीसीयू के पांच केंद्र शामिल हैं। मंगलवार को लगभग 601.90 कुंतल धान की खरीद की गई। इसके अलावा करीब 30 से 40 किसान अपनी उपज बेचने के लिए मंडी में मौजूद थे।
एसडीएम सदर ने सभी 27 केंद्र प्रभारियों को किसानों से संपर्क कर खरीद में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन केंद्रों पर खरीद शुरू नहीं हुई है, वहां मंगलवार को ही हर हाल में खरीद प्रारंभ की जाए। निर्देशों का पालन नहीं करने वाले केंद्र प्रभारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भी भेजी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी पवन गंगवार और मंडी समिति के सचिव मलखान सिंह सहित कई केंद्र प्रभारी मौजूद रहे।