हरदोई में बाघ की आहट से दहशत, कार से टकराने के बाद गन्ने के खेतों में छिपा, तीन रेंजों की टीमें कर रहीं निगरानी, आसपास के गांवों में अलर्ट

हरदोई। लखीमपुर खीरी के जंगलों से निकलकर पिहानी क्षेत्र में पहुंचे बाघ की आहट से जहानीखेड़ा इलाके के ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। नेशनल हाईवे पर एक अर्टिगा कार से टकराने के बाद बाघ घायल अवस्था में गन्ने के खेतों में जा छिपा। उसकी तलाश में वन विभाग की तीन रेंजों की टीमें लगाई गई हैं। ड्रोन कैमरों से खेतों और आसपास के इलाकों की निगरानी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, हन्ना पसिगवां गांव की तरफ से आ रहा बाघ नेशनल हाईवे पार कर रहा था। इसी दौरान जहानीखेड़ा स्थित सिंह ढाबे के पास उसकी अर्टिगा कार से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि एयरबैग खुलने से कार सवार परिवार सुरक्षित बच गया। कार में मैगलगंज निवासी डॉ. अशोक विश्वकर्मा का परिवार उत्तराखंड के कैंची धाम जा रहा था।
हादसे के बाद बाघ कुछ देर सड़क किनारे पड़ा रहा और फिर उठकर गांव की ओर गन्ने के खेतों में चला गया। सूचना पर जहानीखेड़ा चौकी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची। एनएचएआई की मदद से क्षतिग्रस्त कार हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया।
वन विभाग ने सरैया, बंदीपुरवा, पसिगवां माफी और जहानीखेड़ा समेत आसपास के गांवों में सतर्कता बरतने की अपील की है। मोहम्मदी, मैगलगंज और शाहाबाद रेंज की टीमें बाघ की तलाश में जुटी हैं। शाहाबाद रेंजर नीलम मौर्य सहित वनकर्मी ड्रोन से निगरानी करने के साथ खेतों में बाघ के पदचिह्न तलाश रहे हैं। ग्रामीणों को खेतों की ओर अकेले न जाने की सलाह दी गई है।