हरदोई में ईंट से सिर कुचलकर भाई की हत्या, घर में अकेला था, विवाद के बाद वारदात को दिया अंजाम, पुलिस ने आरोपी भाई को हिरासत में लिया

हरदोई। संडीला कस्बे के मोहल्ला बरौनी अशरफ टोला में गुरुवार देर रात रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई। मामूली विवाद में भाई ने ईंट से सिर कुचलकर अपने ही भाई की हत्या कर दी। शुक्रवार सुबह घर में शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, राधेश्याम पुत्र श्याम सुंदर (37) पेशे से प्लंबर था और दिल्ली में काम करता था। दीपावली के अवसर पर वह अपने घर संडीला आया था। वह पत्नी राधा और पांच बच्चों के साथ दिल्ली में रहता था। दीपावली से पहले पत्नी और बच्चे संडीला आए थे। बाद में पत्नी तीन बेटियों के साथ मायके चली गई, जबकि बड़ा बेटा ओंकार दो दिन पहले गाजियाबाद लौट गया था। इसके चलते राधेश्याम घर में अकेला रह गया था।
बताया गया कि उसका भाई घनश्याम भी सात नवंबर को संडीला आया था। गुरुवार रात परिवार के अन्य सदस्य मोहल्ले में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी दौरान राधेश्याम और घनश्याम के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम के मुताबिक, विवाद के दौरान घनश्याम ने राधेश्याम के सिर पर ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी।
शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे घटना की जानकारी पुलिस को मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एएसपी ने बताया कि आरोपी घनश्याम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में अन्य वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।