हरदोई में कैंटीन संचालक से लूट का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में लगी गोली, 1.45 लाख रुपये नकद, दो बाइक, चार मोबाइल और तमंचा बरामद

हरदोई। कोतवाली देहात क्षेत्र में कैंटीन संचालक से हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सर्विलांस, एसओजी, स्वाट और कोतवाली देहात पुलिस की संयुक्त टीम ने पुलिस मुठभेड़ में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट के 1,45,730 रुपये, चार मोबाइल, दो मोटरसाइकिल और अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर की रात करीब 10:26 बजे राजेश कुमार सिंह अपने कैंटीन संचालक सुरजीत कुमार के साथ मोटरसाइकिल से हरियावां से हरदोई आ रहे थे। पोखरी तिराहे से करीब 100 मीटर आगे पीछे से बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाश पहुंचे और सुरजीत के पास रखा नकदी का बैग लूटकर पिहानी रोड की ओर फरार हो गए। इस मामले में कोतवाली देहात में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने घटना के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की थी। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से जांच के दौरान 12/13 नवंबर की रात पुलिस को बदमाशों के आने की सूचना मिली। नयागांव मोड़ पर चेकिंग के दौरान दो बाइकों पर सवार चार संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने भागने का प्रयास किया। एक बाइक सवार विजेंद्र ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजेंद्र, शोभित, अंकुल और गंगेव के रूप में हुई है। सीओ सिटी अजीत चौहान ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।