हरदोई में पांच सीओ के कार्यक्षेत्र बदले, श्लोक गौतम को संडीला और संतोष सिंह को शाहाबाद की जिम्मेदारी, IPS आलोक राज नारायण के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव

हरदोई। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने जिले की पुलिस व्यवस्था में फेरबदल करते हुए पांच क्षेत्राधिकारियों (सीओ) के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपने के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों की निगरानी व्यवस्था में भी परिवर्तन किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार संतोष कुमार सिंह को क्षेत्राधिकारी संडीला के स्थान पर क्षेत्राधिकारी शाहाबाद बनाया गया है। उनके अधीन शाहाबाद, पाली, पचदेवरा और मंझिला थाना क्षेत्र रहेंगे।
वहीं गैर जनपद से तबादला होकर आए श्लोक गौतम को क्षेत्राधिकारी संडीला/लाइन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके कार्यक्षेत्र में संडीला, अतरौली और कासिमपुर थाना क्षेत्र शामिल किए गए हैं। इससे पहले उनके पास कोई क्षेत्र आवंटित नहीं था।
प्रवीण कुमार यादव का क्षेत्राधिकारी हरपालपुर का कार्यक्षेत्र यथावत रखा गया है। उनके अधीन हरपालपुर, अरवल, लोनार, बेहटा गोकुल और सवायजपुर थाने रहेंगे। इसके अलावा डीसीआरबी, नारकोटिक्स सेल, जन सूचना सेल, किशोर इकाई और चुनाव सेल की जिम्मेदारी भी उनके पास रहेगी।
अनिल कुमार सिंह के पास क्षेत्राधिकारी अपराध, साइबर और एसओजी की जिम्मेदारी बरकरार रखी गई है। अब उनके दायित्व में यूपी-112, कंट्रोल रूम, भवन और फील्ड यूनिट भी शामिल किए गए हैं।
वहीं आलोक राज नारायण को अपर पुलिस अधीक्षक लाइन की जिम्मेदारी के साथ अधोहस्ताक्षरी द्वारा सौंपे गए कार्यों का दायित्व दिया गया है। पुलिस अधीक्षक के इस फेरबदल से जिले में पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने तथा कानून-व्यवस्था की निगरानी मजबूत होने की उम्मीद है।