हरदोई में पिकअप की टक्कर से पांच वर्षीय मासूम की मौत, गुस्साए परिजनों ने लखनऊ-दिल्ली हाईवे किया जाम, मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाकर खुलवाया

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के चांद बेहटा में रविवार को दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। गली में खेल रही बच्ची को तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप डाला ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। गंभीर हालत में परिजन बच्ची को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया गया कि बच्ची अपने नाना वीरेंद्र के साथ चांद बेहटा में रहती थी। रविवार को वह घर के पास गली में खेल रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे पिकअप डाला ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बच्ची गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। हादसे के बाद चालक ने वाहन नहीं रोका और मौके से फरार हो गया।
परिजन आनन-फानन में घायल बच्ची को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। हालत गंभीर होने के कारण उसे बचाने के प्रयास किए गए, लेकिन इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर पहुंचकर जाम लगा दिया। सड़क पर वाहनों की कतार लगने से यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही शहर कोतवाल संजय त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर आरोपी चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
पुलिस के आश्वासन के बाद परिजनों ने जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका। पुलिस फरार पिकअप चालक और वाहन की तलाश में जुटी है। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।