आईजी की सख्ती के 24 घंटे बाद मेले में छिनैती-चोरी, हरदोई में मंगलसूत्र और तीन मोबाइल पार, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

हरदोई। लखनऊ जोन के आईजी किरण एस द्वारा अपराध नियंत्रण और स्नेचिंग की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की हिदायत दिए जाने के महज 24 घंटे बाद बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के हत्याहरण तीर्थ में लगे मेले में चोर-उचक्कों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दे दी। रविवार को मेले में एक महिला के गले से मंगलसूत्र और सोने का लॉकेट नोच लिया गया, जबकि दूसरी महिला के पर्स से नकदी और जरूरी दस्तावेज चोरी हो गए। मंदिर में दर्शन करने पहुंचे तीन श्रद्धालुओं के मोबाइल भी पार हो गए।
बताया गया कि शनिवार शाम आईजी किरण एस ने लखनऊ जोन के राजपत्रित अधिकारियों के साथ बैठक कर लूट, छिनैती, चोरी और स्नेचिंग की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए थे। पुलिस को भीड़भाड़ वाले स्थानों और मेलों में विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई थी।
इसके अगले ही दिन हत्याहरण तीर्थ के मेले में वारदातों से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। अतरौली थाना क्षेत्र के महमदापुर निवासी प्रीति परिवार के साथ मेले में पहुंची थी। उनका आरोप है कि किसी ने पर्स से 1200 रुपये और जरूरी दस्तावेज निकाल लिए। वहीं सीतापुर के मछरेहटा निवासी गुड़िया के गले से मंगलसूत्र और उसमें लगा सोने का लॉकेट नोच लिया गया।
इसके अलावा सीतापुर के संदना क्षेत्र के अरथापुर निवासी विनोद कुमार पांडेय, रामपुर मथुरा क्षेत्र के मंजीत सिंह और संदना क्षेत्र के लोहंगपुर निवासी पंकज के मोबाइल मंदिर में दर्शन के दौरान चोरी हो गए।
पुलिस ने एक महिला समेत कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। इससे पहले 30 अगस्त के मेले में भी दो महिलाओं के मंगलसूत्र और एक श्रद्धालु का मोबाइल चोरी होने की बात सामने आई थी। आरोप है कि उन घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हुआ है।