साफ मौसम में मां वैष्णो देवी यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह

साफ मौसम और श्रद्धालुओं के जयकारों से गूंज रहा मां वैष्णो देवी धाम, यात्रा को लेकर जबरदस्त उत्साह

कटड़ा।मां वैष्णो देवी के भक्तों के लिए यात्रा को लेकर उत्साह लगातार बरकरार है। मौसम पूरी तरह साफ रहने और दिनभर खिली धूप के बीच हजारों श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ मां के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंच रहे हैं। ठंडी हवाओं के बावजूद श्रद्धालुओं के कदम नहीं रुक रहे हैं और पूरा यात्रा मार्ग जय माता दी के जयकारों से गूंज रहा है। पवित्र संक्रांति के शुभ अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु आधार शिविर कटड़ा पहुंचे और मां के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

सोमवार सुबह से ही कटड़ा में श्रद्धालुओं की चहल-पहल देखने को मिली। पंजीकरण करवाने के बाद श्रद्धालु परिवार और मित्रों के साथ उत्साहपूर्वक मां वैष्णो देवी भवन की ओर रवाना होते रहे। यात्रा मार्ग पर भक्तिमय माहौल बना रहा। मां के दिव्य दर्शन करने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा भैरवनाथ के दर्शन के लिए भी भैरव घाटी पहुंचे। भवन से लेकर आधार शिविर कटड़ा तक श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार जारी रहने से धार्मिक नगरी में रौनक बनी हुई है।

19 हजार श्रद्धालुओं ने शाम 5 बजे तक कराया पंजीकरण

मां वैष्णो देवी यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं की अच्छी संख्या लगातार पहुंच रही है। रविवार को लगभग 28,500 श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में हाजिरी लगाई थी। वहीं, सोमवार शाम 5 बजे तक करीब 19,000 श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। देर शाम तक भी श्रद्धालुओं के कटड़ा पहुंचने और यात्रा शुरू करने का सिलसिला जारी रहा।

सुरक्षा से लेकर सुविधाओं तक पुख्ता इंतजाम

श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित, सुगम और यादगार बनाने के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड प्रशासन पूरी तत्परता से जुटा हुआ है। यात्रा मार्ग पर श्राइन बोर्ड, आपदा प्रबंधन विभाग, पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारी एवं जवान तैनात हैं। संबंधित विभागों के अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। यात्रा मार्ग पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

खुशनुमा मौसम के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार

सोमवार को मौसम पूरी तरह साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही। हालांकि सुबह और शाम के समय ठंडी हवाओं का असर बना रहा। ऐसे में श्रद्धालु गर्म कपड़ों के साथ पूरी सावधानी बरतते हुए यात्रा कर रहे हैं। साफ मौसम के बीच त्रिकुटा पर्वत की प्राकृतिक सुंदरता और मां के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। दर्शन के बाद श्रद्धालु कटड़ा के बाजारों में प्रसाद और अन्य सामान की खरीदारी भी कर रहे हैं, जिससे स्थानीय बाजारों में भी खूब रौनक देखने को मिल रही है।

कुल मिलाकर साफ मौसम, बेहतर यात्रा प्रबंधन, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और श्रद्धालुओं की आस्था के बीच मां वैष्णो देवी की यात्रा लगातार उत्साहपूर्वक जारी है।