आरपीएफ महानिदेशक जितेंद्र कुमार ने कटड़ा से बारामूला रेलखंड का किया व्यापक सुरक्षा निरीक्षण

जम्मू। जम्मू मंडल में रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल के महानिदेशक जितेंद्र कुमार (आईपीएस) ने सोमवार, 16 नवंबर को श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से बारामूला रेलखंड का व्यापक सुरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे के महत्वपूर्ण पुलों, सुरंगों, रेलवे स्टेशनों, पटरियों और संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आदित्य सहित रेलवे सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। महानिदेशक ने विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज चिनाब पुल और भारत के प्रथम केबल आधारित रेल पुल अंजी पुल का विशेष निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों पुलों पर सुरक्षा जवानों की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश नियंत्रण, गश्त व्यवस्था और आपातकालीन तैयारियों की समीक्षा की।

इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में तैनात जवानों की सतर्कता और कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए सुरक्षा घेरे को और मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही सुरंगों, पुलों और रेलवे ट्रैक की लगातार निगरानी करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

महानिदेशक ने कटड़ा, बनिहाल, अनंतनाग, श्रीनगर और बारामूला सहित प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भी सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों, प्रकाश व्यवस्था, प्लेटफॉर्म पर गश्त, यात्रियों की सुरक्षा, सामान की जांच के लिए लगाए गए उपकरणों और आपातकालीन प्रबंधन की स्थिति का जायजा लिया।

इसके अलावा रेलवे कर्मचारियों और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बैठक कर आपसी तालमेल को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने आरपीएफ जवानों को हर समय सतर्क रहने, किसी भी घटना पर त्वरित प्रतिक्रिया देने और यात्रियों के साथ शिष्ट एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।

रेलवे की यात्रियों से अपील

जम्मू मंडल ने रेल यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें अथवा नजदीकी आरपीएफ या जीआरपी कर्मियों को अवगत कराएं।

रेलवे सुरक्षा बल के महानिदेशक का यह निरीक्षण जम्मू-कश्मीर के महत्वपूर्ण रेलखंड पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता बनाने तथा यात्रियों को सुरक्षित रेल यात्रा उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।