मौसम के बदलते मिजाज पर भारी पड़ा मां वैष्णो देवी के भक्तों का उत्साह, 22 हजार श्रद्धालुओं ने किए भवन की ओर प्रस्थान

कटड़ा।धर्मनगरी कटड़ा में मौसम के लगातार बदलते मिजाज के बीच भी मां वैष्णो देवी के भक्तों का उत्साह और आस्था देखते ही बन रही है। रविवार को कभी खिली धूप तो कभी आसमान में छाए बादलों के बीच त्रिकुटा पर्वत मां के जयकारों से गूंजता रहा। सुबह और शाम ठंडी हवाओं के चलते मौसम में ठंडक जरूर बनी रही, लेकिन इसका असर श्रद्धालुओं की आस्था और यात्रा के उत्साह पर बिल्कुल भी देखने को नहीं मिला। देशभर के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं के कटड़ा पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी रहा।

मां के दर्शनों को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को शाम 5 बजे तक करीब 22 हजार श्रद्धालु अपना पंजीकरण करवाने के बाद अनिवार्य आरएफआईडी कार्ड प्राप्त कर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। श्रद्धालुओं के चेहरों पर मां के दर्शन की खुशी और मन में अटूट श्रद्धा साफ झलक रही थी।

यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक सेवाएं लगातार उपलब्ध रहीं। भक्त पारंपरिक मार्ग सहित उपलब्ध अन्य सुविधाओं का लाभ उठाते हुए पूरे उत्साह के साथ मां के दरबार की ओर बढ़ते रहे। मौसम में बदलाव के बीच भी यात्रा का उत्साह और भक्तिमय माहौल बना रहा।

कुल मिलाकर त्रिकुटा पर्वत पर बदलते मौसम के बीच श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। ठंडी हवाएं हों या आसमान में छाए बादल, मां वैष्णो देवी के भक्तों के कदम नहीं रुके। धर्मनगरी कटड़ा में गूंजते जय माता दी के जयकारों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा। मां के दरबार में हाजिरी लगाने की चाहत श्रद्धालुओं को लगातार कटड़ा की ओर आकर्षित कर रही है।