संचारी रोग नियंत्रण अभियान अन्तर्गत सुअर पालकों को जागरूक करने का माइक्रोप्लान तैयार 

बैतालपुर, देवरिया। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत पशुपालन विभाग ने भी कमर कस ली है। विकास खंड बैतालपुर में सुअर पालन वाले ग्राम पंचायतों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दिग्विजय यादव के निर्देशन में पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकान्त तिवारी ने इसके लिए विस्तृत माइक्रोप्लान तैयार किया है।पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकान्त तिवारी ने बताया कि अक्टूबर माह में चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान पशुपालन विभाग की टीम चिन्हित ग्राम पंचायतों में जाकर कार्य करेगी।अभियान के अंतर्गत विकास खंड बैतालपुर की ग्राम पंचायत उसरा बाजार, तिवई, कोईलगड़हा, जंगल ईमिलिहा, मेदनापुर, रनिहवां, छितही बाजार, बटुलही, उधोपुर, भगवानपुर चौबे, बलटिकरा, महुआडीह, वरवां, करंज, भूड़ीपाकड़ एवं करौंदी को शामिल किया गया है।उन्होंने बताया कि इन गांवों में विभाग की टीम सुअर बाड़ों में एंटी लार्वा का छिड़काव, सुअरों को कृमि नाशक दवा का वितरण तथा पशुपालकों को पम्पलेट वितरित कर जापानी इंसेफेलाइटिस व अन्य संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करेगी। पशुपालकों को सुअर बाड़ों की नियमित सफाई और आसपास जलजमाव न होने देने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।