पशुपालन विभाग का सेवा संकल्प अभियान जारी, चिलवन मोहान में लगा पशु स्वास्थ्य शिविर  

बैतालपुर, देवरिया। जनपद में पशुपालकों को बेहतर पशु स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और पशुओं को संक्रामक रोगों से बचाने के उद्देश्य से पशुपालन विभाग द्वारा "सेवा संकल्प अभियान" चलाया जा रहा है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. श्रीनिवास प्रसाद के निर्देशन में यह अभियान जिले के सभी विकास खंडों में चल रहा है।इसी क्रम में शुक्रवार को विकास खंड बैतालपुर के ग्राम पंचायत चिलवन मोहान में एक दिवसीय पशु स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पशु टीकाकरण, स्वास्थ्य परीक्षण एवं निःशुल्क दवा वितरण का कार्य किया गया।शिविर में पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दिग्विजय यादव ने मौजूद पशुपालकों को पशुओं में होने वाली विभिन्न संक्रामक बीमारियों विशेषकर लम्पी स्किन डिजीज,खुरपका-मुंहपका एवं गलाघोंटू जैसी बीमारियों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण और पशुशाला की साफ-सफाई ही पशुओं को स्वस्थ रखने का सबसे बेहतर उपाय है। बरसात के मौसम में पशुओं को विशेष देखभाल की जरूरत होती है।पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकान्त तिवारी के नेतृत्व में उनकी टीम ने शिविर में आए पशुओं का टीकाकरण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पशुपालक अपने पशुओं के साथ शिविर में पहुंचे और विभाग की सेवाओं का लाभ लिया।शिविर को सफल बनाने में सुभाष चंद्र, राजकुमार यादव एवं दुष्यंत तिवारी ने विशेष सहयोग प्रदान किया। पशुपालन विभाग ने बताया कि यह अभियान ब्लॉक के अन्य ग्राम पंचायतों में भी लगातार जारी रहेगा।