विकास कार्यों में कासगंज प्रदेश में 37वें स्थान पर, डीएम ने टॉप-10 में पहुंचाने के दिए निर्देश

कासगंज। विकास कार्यों की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में कासगंज को 37वां स्थान मिला है। अक्टूबर माह की सीएम डैशबोर्ड समीक्षा में सामने आई इस स्थिति पर जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने नाराजगी जताते हुए जिले को प्रदेश के टॉप-10 में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को विभागीय योजनाओं की प्रगति सुधारने और लंबित मामलों का समय से निस्तारण करने को कहा।

गुरुवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में बताया गया कि कुल 80 कार्यक्रमों में 64 को ए, सात को बी, पांच को सी और चार को डी श्रेणी मिली है। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं के अधिशासी अभियंताओं और परियोजना प्रबंधकों को निर्माणाधीन परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज टिम्बरपुर में मिनी स्टेडियम के निर्माण के लिए अवशेष धनराशि जारी कराने को शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए। वहीं, 17.57 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे अग्निशमन केंद्र कासगंज के आवासीय और अनावासीय भवनों का निर्माण तेज करने को कहा।

23.84 करोड़ रुपये की लागत से यूपी सिडको द्वारा बनाए जा रहे मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बड़ागांव का निर्माण तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए। राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय याकूतगंज-सागर का निर्माण दिसंबर 2026 तक पूरा करने को कहा।

जिलाधिकारी ने पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को संबंधित विभागों को हस्तांतरित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के अधिशासी अभियंता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।