इंदिरा गांधी की जयंती पर अधिवक्ताओं ने किया व्यक्तित्व और कृतित्व का स्मरण

कासगंज। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती पर गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी विधि विभाग के चेयरमैन सत्येंद्र पाल सिंह बैस एडवोकेट ने अपने कार्यालय पर विचार गोष्ठी आयोजित की। इस दौरान अधिवक्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके राजनीतिक जीवन तथा देश के लिए किए गए कार्यों पर विचार रखे।

गोष्ठी में सत्येंद्र पाल सिंह बैस ने कहा कि इंदिरा गांधी का जन्म 19 नवंबर 1917 को इलाहाबाद में हुआ था। देश की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने भारतीय राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में बैंकों का राष्ट्रीयकरण, प्रिवी पर्स की समाप्ति, 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के बाद बांग्लादेश का उदय और 1974 में पोखरण परमाणु परीक्षण जैसी ऐतिहासिक घटनाएं हुईं।

उन्होंने कहा कि दृढ़ नेतृत्व और साहसिक फैसलों के कारण इंदिरा गांधी को आयरन लेडी के रूप में जाना जाता है। उनका संघर्षपूर्ण जीवन और देश के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।

इस अवसर पर प्रेम सिंह, सत्यवीर सिंह और सुनील असावा ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में कमल कुमार सिंह यादव, अनिल शर्मा, अयोध्या प्रसाद, जितिन मौर्य, अश्वनी कुमार बघेल, अब्दुल मावूद, अनमोल, रजत, कृष्णकांत, रामेश्वर और धारा सिंह सहित अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे।