जनगणना 2027 के लिए खिलाड़ियों को स्वगणना के प्रति किया जागरूक, आसपास के लोगों को भी प्रेरित करने की अपील

कासगंज। राष्ट्र निर्माण और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनगणना 2027 के तहत स्वगणना अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला खेल कार्यालय की ओर से 18 नवंबर को सोरों स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों और शौकिया खिलाड़ियों को स्वगणना के प्रति जागरूक किया गया।

इस दौरान खिलाड़ियों को बताया गया कि जनगणना 2027 के द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना का कार्य एक दिसंबर 2026 से प्रारंभ होगा। इससे पहले 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना की प्रक्रिया पूरी की जानी है। स्वगणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी और अपने परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।

खिलाड़ियों को स्वगणना के महत्व और इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि जनगणना के आंकड़े देश और समाज की वास्तविक स्थिति समझने के साथ ही विकास योजनाओं के निर्माण और उनके सही क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक का इसमें सहयोग जरूरी है।

जिला खेल कार्यालय की ओर से खिलाड़ियों से अपील की गई कि वे निर्धारित अवधि में स्वयं स्वगणना करें और अपने परिवार के सदस्यों को भी इसके लिए प्रेरित करें। साथ ही अपने आसपास रहने वाले लोगों को स्वगणना की जानकारी देकर उन्हें भी इस अभियान से जोड़ें, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें भागीदारी कर सकें।