राष्ट्रीय खेल दिवस पर रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम में दिखा खेलों का जोश वॉलीबाल मुकाबले में रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीम ने एडमिन टीम को 3-0 से हराया

बरेली। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में खेल भावना और उत्साह का शानदार नजारा देखने को मिला। रोड नंबर-4 स्थित रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम में वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें रेलकर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन कर खेल प्रेमियों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने महान हॉकी खिलाड़ी एवं हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने का भी सशक्त माध्यम है। नियमित खेल गतिविधियों से मानसिक तनाव कम होता है और कार्यक्षमता के साथ चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता भी बढ़ती है। उन्होंने रेल कर्मचारियों से खेल गतिविधियों में अधिक से अधिक भाग लेने और खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता में एडमिन टीम और रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम, रोड नंबर-4 की टीम के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। दोनों टीमों ने बेहतरीन समन्वय और खेल भावना का परिचय दिया। हालांकि रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 3-0 से जीतकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित इस प्रतियोगिता से रेलकर्मियों में खेलों के प्रति उत्साह के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आपसी सहयोग की भावना भी मजबूत हुई। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, मंडल क्रीड़ाधिकारी, विभिन्न शाखाओं के अधिकारी, कोच, खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।