पेंशनरों की शिकायतों के समाधान के लिए 15 दिसंबर को लगेगी पेंशन अदालत

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों की पेंशन संबंधी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए 15 दिसंबर 2026, मंगलवार को पेंशन अदालत-2026 का आयोजन किया जाएगा। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार आयोजित होने वाली इस पेंशन अदालत से सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके आश्रितों को पेंशन संबंधी मामलों के समाधान का अवसर मिलेगा।

मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह के नेतृत्व में आयोजित होने वाली पेंशन अदालत के लिए पेंशन से संबंधित मामलों के आवेदन 31 अक्टूबर 2026 तक जमा किए जा सकेंगे।

पेंशनर अथवा पारिवारिक पेंशनर अपने आवेदन को सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ तीन प्रतियों में इज्जतनगर मंडल कार्यालय स्थित ?ई.जी.आर.एस.? केंद्र पर जमा कर सकते हैं अथवा डाक के माध्यम से भेज सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

आवेदन में देनी होगी पूरी जानकारी

आवेदन पत्र में कर्मचारी, आवेदक अथवा भूतपूर्व कर्मचारी का नाम, पदनाम, विभाग, कार्यस्थल, कर्मचारी से संबंध, भूतपूर्व कर्मचारी की सेवानिवृत्ति अथवा मृत्यु की तिथि तथा पेंशन भुगतान आदेश की छायाप्रति देनी होगी। इसके साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाते का विवरण, बैंक का नाम, आईएफएससी कोड, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी और पिन कोड सहित पत्राचार का पता भी उपलब्ध कराना होगा।

आवेदक को पेंशन से संबंधित अपना दावा स्पष्ट रूप से उल्लेखित करते हुए आवेदन पर हस्ताक्षर करने होंगे और सभी आवश्यक प्रपत्र संलग्न करने होंगे।

यहां भेजें आवेदन

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी

मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल

बरेली, उत्तर प्रदेश ? 243122

रेल प्रशासन की इस पहल से पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों को अपनी पेंशन संबंधी समस्याएं सीधे सामने रखने और उनके समाधान का अवसर मिलेगा। इससे लंबे समय से लंबित पेंशन मामलों के निस्तारण में भी मदद मिलने की उम्मीद है।