पर्वों पर सुरक्षित रेल यात्रा के लिए रेलवे ने यात्रियों से सहयोग की अपील की

बरेली। आगामी पर्वों और विशेष ट्रेनों के संचालन को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने यात्रियों की सुरक्षित, सुगम और सुखद यात्रा के लिए विशेष अपील जारी की है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और रेलवे व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में सहयोग देने का आग्रह किया है।

रेलवे ने यात्रियों से कहा है कि वे हमेशा उचित और वैध टिकट लेकर ही स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में प्रवेश करें। यात्रा के दौरान कम और आवश्यक सामान ही साथ रखें, ताकि भीड़ के बीच किसी तरह की परेशानी न हो। स्टेशन पर एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए फुट ओवरब्रिज या निर्धारित मार्ग का ही इस्तेमाल करें और फुट ओवरब्रिज पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं।

रेल प्रशासन ने रेल पटरियों को अनधिकृत स्थान से पार न करने की सख्त हिदायत दी है। रेलवे के अनुसार, पटरी पार करना बेहद जोखिमपूर्ण होने के साथ जानलेवा भी हो सकता है और यह दंडनीय अपराध है। यात्रियों से ट्रेन में ज्वलनशील या विस्फोटक सामग्री नहीं ले जाने तथा ट्रेन की छत, पायदान या दरवाजे पर खड़े होकर अथवा बैठकर यात्रा नहीं करने की अपील की गई है।

इसके अलावा स्टेशन या ट्रेन में कोई लावारिस वस्तु दिखाई देने पर उसे न छूने और तत्काल रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस अथवा संबंधित रेलवे कर्मचारियों को सूचना देने की सलाह दी गई है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि पर्वों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए वे धैर्य और अनुशासन बनाए रखें तथा रेलवे के सुरक्षा नियमों का पालन कर अपनी और अन्य यात्रियों की यात्रा को सुरक्षित बनाएं। किसी भी रेल संबंधी समस्या, शिकायत या सहायता के लिए यात्री रेल मदद हेल्पलाइन 139 का उपयोग कर सकते हैं।