महराजगंज में लगा पशु आरोग्य मेला, 345 पशुओं का हुआ उपचार

देवरिया। विकास खण्ड बैतालपुर अन्तर्गत ग्राम पंचायत महराजगंज में पं. दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेले का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 345 पशुओं का पंजीकरण कर उनका स्वास्थ्य परीक्षण एवं निःशुल्क दवा वितरण किया गया।
पशु आरोग्य मेले का शुभारम्भ मुख्य अतिथि भाजपा मण्डल रामलक्षन के अध्यक्ष सुनील निषाद एवं महामंत्री राजेश यादव द्वारा गोपूजन एवं फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान मनीष यादव भी उपस्थित रहे।
मेले में पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दीग्विजय यादव एवं पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकान्त तिवारी ने पंजीकृत पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार किया। चिकित्सकों ने पशुपालकों को पशुओं में होने वाले बांझपन, थनैला, गलाघोंटू एवं खुरपका-मुँहपका जैसे रोगों से बचाव, टीकाकरण के महत्व तथा संतुलित पशु आहार के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान मेले में भारी संख्या में पशुपालकों ने भाग लिया। पशु मित्र रजनीश यादव, राजकुमार यादव, दुष्यंत तिवारी, अभिषेक मणि व सुभाष चन्द्र ने बकरियों को सामूहिक कृमिनाशक दवा पिलाने एवं दवा वितरण में विशेष सहयोग किया।