सर्दियों में बिल्लियों की विशेष देखभाल करें: डॉ अमित कुमार सिंह 

देवरिया ।आने वाले सर्दी के मौसम इंसानों के साथ-साथ पालतू बिल्लियों के लिए भी चुनौतीपूर्ण होगा। ठंड के कारण बिल्लियों में सर्दी-जुकाम, निमोनिया, त्वचा रोग और पाचन संबंधी समस्याएं बढ़ जाती हैं। राजकीय पशु चिकित्सालय लार के पशु चिकित्साधिकारी डॉ अमित कुमार सिंह ने बिल्ली पालकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है।
पशु चिकित्साधिकारी के अनुसार बिल्ली का सामान्य तापमान 100.5 से 102.5 डिग्री फारेनहाइट होता है। सर्दियों में यह संतुलन बिगड़ने पर बिल्ली सुस्त, भूख कम और लगातार सिकुड़ कर बैठने लगती है।
बिल्ली को रात में खुले में या छत पर न छोड़ें। सोने के स्थान पर मोटा कंबल, जूट की बोरी या ऊनी कपड़ा बिछाएं। हवा के सीधे संपर्क से बचाएं।दिसंबर-जनवरी में नहलाने से परहेज करें। आवश्यकता होने पर ही गुनगुने पानी से स्नान कराकर तुरंत सुखा दें। प्रतिदिन 30 मिनट धूप अवश्य दिखाएं।सर्दियों में ऊर्जा की आवश्यकता 20 प्रतिशत तक बढ़ जाती है। आहार में प्रोटीन युक्त उबला चिकन, अंडा, मछली और गुणवत्तापूर्ण कैट फूड शामिल करें। भोजन हल्का गुनगुना करके दें। ठंडा पानी और कच्चा दूध न दें, हमेशा ताजा गुनगुना पानी उपलब्ध रखें। दिन में 3-4 बार थोड़ा-थोड़ा भोजन देना लाभदायक है।लंबे बाल वाली पर्शियन बिल्ली में रोजाना कंघी करना अनिवार्य है, अन्यथा बालों में फफूंद लग सकती है। समय पर टीकाकरण और कृमिनाशक दवा अवश्य दिलवाएं।पशु चिकित्साधिकारी ने सलाह दी है कि यदि बिल्ली में लगातार छींक आना, नाक-आंख से पानी गिरना, बुखार या भोजन त्यागने जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत नजदीकी पशु चिकित्सालय से संपर्क करें, घरेलू उपचार से बचें।