मध्य रेलवे में 22 से 25 अक्टूबर तक मध्यरात्रि में विशेष ब्लॉक, कई ट्रेनें होंगी प्रभावित

मध्य रेलवे के मुंबई मंडल में कल्याण-कसारा तीसरी रेल लाइन के प्रस्तावित निर्माण कार्य के लिए 22/23 अक्टूबर से 24/25 अक्टूबर 2026 तक विशेष यातायात और विद्युत ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक प्रत्येक रात 2:10 बजे से 3:55 बजे तक वासिंद और आटगांव स्टेशनों के बीच अप और डाउन उत्तर-पूर्वी लाइनों पर संचालित होगा। इस दौरान प्रस्तावित तीसरी रेल लाइन के मार्ग में बाधा बन रहे 110 केवी उच्च क्षमता वाले बिजली टावरों को हटाने और स्थानांतरित करने का कार्य किया जाएगा।

कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें होंगी प्रभावित

ब्लॉक के कारण छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से रात 00:08 बजे कसारा के लिए रवाना होने वाली लोकल ट्रेन टिटवाला स्टेशन तक ही संचालित होगी।

इसके अलावा छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-नागपुर विशेष ट्रेन को खड़वली स्टेशन पर रोका जाएगा। बलिया-दादर और गोरखपुर-दादर एक्सप्रेस आटगांव स्टेशन पर नियंत्रित की जाएंगी, जिससे इनके गंतव्य पर पहुंचने में करीब 1 घंटा 50 मिनट की देरी हो सकती है।

शालीमार-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस को खारडी स्टेशन पर नियंत्रित किया जाएगा। वहीं, शालीमार-लोकमान्य तिलक टर्मिनस और हावड़ा-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस एक्सप्रेस को इगतपुरी स्टेशन पर रोका जाएगा। इन ट्रेनों के आगमन में करीब 1 घंटा 35 मिनट से 1 घंटा 50 मिनट तक की देरी हो सकती है।

भुसावल मंडल की ट्रेनें भी होंगी प्रभावित

रेलवे के अनुसार, भुसावल मंडल से गुजरने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस, नागपुर-मडगांव एक्सप्रेस, शिरडी-दादर एक्सप्रेस, गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस, बाल्हारशाह-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस एक्सप्रेस सहित कई अन्य ट्रेनों को भी परिचालन की स्थिति के अनुसार नियंत्रित किया जाएगा।

इसके अलावा गया-लोकमान्य तिलक टर्मिनस, अमरावती-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-गोंदिया और हजरत निजामुद्दीन-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के भी ट्रेनों के एक साथ पहुंचने के कारण विलंब से चलने की आशंका है।

मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल नीला ने बताया कि रेल अवसंरचना के रखरखाव और यात्री सुरक्षा के लिए यह ब्लॉक आवश्यक है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से इस दौरान होने वाली असुविधा के लिए सहयोग करने की अपील की है।