ब्रेक फेल होते ही बेकाबू हुई रोडवेज बस, डंपर से टकराकर रुकी; बड़ा हादसा टला

पीलीभीत। कलीनगर तहसील क्षेत्र के चित्तरपुर पुल के पास सोमवार को उस समय बड़ा हादसा होने से टल गया, जब पीलीभीत से गभिया सराय जा रही रोडवेज बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। ब्रेक फेल होने के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई।
बताया जा रहा है कि बस में करीब एक दर्जन यात्री सवार थे। अचानक बस के अनियंत्रित होने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की आशंका को देखते हुए कई यात्री बस से नीचे उतर गए। इसी दौरान अनियंत्रित बस एक डंपर से टकरा गई और वहीं रुक गई।
डंपर से टकराने के बाद बस रुक जाने से बड़ा हादसा होने से बच गया। गनीमत रही कि घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना को लेकर यात्रियों में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा।