रेलवे ट्रैक पर मिला अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव, बाइक के पंजीकरण नंबर के आधार पर पहचान की कोशिश

पीलीभीत। जनपद के जहानाबाद कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह बालपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप मच गया। खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान के प्रयास शुरू कर दिए।
पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच है। प्रथम दृष्टया युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। घटनास्थल की जांच के दौरान युवक की जेब से एक मोबाइल फोन मिला, जो ट्रेन की चपेट में आने के कारण पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। इसके चलते मौके पर मृतक की पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में तलाशी ली तो रेलवे ट्रैक से कुछ दूरी पर झाड़ियों के पास एक मोटरसाइकिल लावारिस हालत में खड़ी मिली। खास बात यह रही कि मृतक की जेब से उसी बाइक की चाबी बरामद हुई। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर उसके रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। पुलिस अब परिवहन विभाग (RTO) की मदद से बाइक के पंजीकरण नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता लगाने में जुटी है। पुलिस को उम्मीद है कि मोटरसाइकिल के जरिए मृतक की पहचान हो सकती है और घटना से जुड़े तथ्यों का भी पता लगाया जा सकेगा।
थाना अध्यक्ष जयशंकर सिंह ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष है। उसकी जेब से मोबाइल फोन और बाइक की चाबी मिली है। मोबाइल पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण तत्काल पहचान नहीं हो सकी। बाइक के रजिस्ट्रेशन के आधार पर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, रेलवे ट्रैक से कुछ दूरी पर बाइक का मिलना और मृतक की जेब से उसकी चाबी बरामद होना कई सवाल खड़े कर रहा है। प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि पुलिस दुर्घटना समेत अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
शव की पहचान और युवक की मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।