फिरोजपुर मंडल में मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस, भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन

फिरोजपुर मंडल में मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस, भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन

फिरोजपुर मंडल में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन

फिरोजपुर। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में 16 नवंबर 2026 को मंडल कार्यालय, फिरोजपुर के सभागार में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने की। इस दौरान आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं, वीरता और राष्ट्र निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान को याद करते हुए भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

फिरोजपुर मंडल में 1 से 15 नवंबर 2026 तक जनजातीय गौरव पखवाड़ा मनाया गया, जिसके अंतर्गत विभिन्न जागरूकता एवं जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता, सामाजिक एकता और नेतृत्व क्षमता का प्रेरणादायक उदाहरण है। आज जनजातीय समाज के लोग विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और क्षमता से देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने सभी से भगवान बिरसा मुंडा और अन्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपनाने तथा एकता, समानता, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्र की प्रगति के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लेने की अपील की।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक नितिन गर्ग, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रंजना सहगल, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी साक्षी सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी, एससी-एसटी एसोसिएशन के मंडल अध्यक्ष आरडी मीणा, मंडल सचिव सतीश कुमार सहित रेलवे के अन्य अधिकारी एवं एसोसिएशन के सदस्य मौजूद रहे।