प्रयागराज मंडल के 4 रेलवे स्टेशनों पर 102 एम-यूटीएस सहायकों की होगी नियुक्ति, 26 नवंबर तक करें आवेदन

प्रयागराज। रेलवे यात्रियों को अनारक्षित टिकट प्राप्त करने में सुविधा देने के उद्देश्य से उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने बड़ी पहल की है। मंडल के प्रयागराज, प्रयागराज छिवकी, कानपुर सेंट्रल और अलीगढ़ रेलवे स्टेशनों पर पायलट आधार पर कुल 102 एम-यूटीएस (मोबाइल अनारक्षित टिकट प्रणाली) सहायकों की संविदा पर नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए रेलवे प्रशासन ने इच्छुक सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारियों और सामान्य नागरिकों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार यह नियुक्ति 30 जून 2027 तक पूरी तरह संविदा आधार पर होगी। इसमें प्रयागराज स्टेशन पर 36, कानपुर सेंट्रल पर 36, अलीगढ़ स्टेशन पर 18 और प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर 12 सहायकों की नियुक्ति की जाएगी। एक आवेदक केवल एक ही स्टेशन के लिए आवेदन कर सकेगा।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिलेगी पहली प्राथमिकता

इस भर्ती में भारतीय रेलवे के किसी भी विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, अनुशासनात्मक कार्रवाई या संदिग्ध ईमानदारी के आधार पर सेवा से हटाए गए कर्मचारी पात्र नहीं होंगे। सेवानिवृत्त कर्मचारियों को चयन में पहली प्राथमिकता दी जाएगी। इसके बाद रिक्त पदों पर सामान्य नागरिकों का चयन होगा। सामान्य नागरिकों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास होना अनिवार्य है। साथ ही आवेदक को संबंधित स्टेशन के जिले का स्थायी निवासी होना चाहिए।

टिकट बिक्री पर मिलेगा कमीशन

एम-यूटीएस सहायकों को रेलवे की ओर से कोई निश्चित वेतन नहीं दिया जाएगा, बल्कि उनके द्वारा जारी किए गए टिकटों के आधार पर कमीशन मिलेगा। 150 किलोमीटर तक की यात्रा के टिकट पर 3 प्रतिशत, 151 से 500 किलोमीटर तक 2 प्रतिशत और 500 किलोमीटर से अधिक की दूरी के टिकट पर 1 प्रतिशत कमीशन निर्धारित किया गया है।

आवेदन के लिए 500 रुपये का अप्रतिदेय शुल्क और 10,000 रुपये की बयाना राशि जमा करनी होगी। चयनित सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारियों को 20,000 रुपये और सामान्य नागरिकों को 1 लाख रुपये की वापसी योग्य सुरक्षा जमा राशि देनी होगी। रेलवे की ओर से टिकटिंग क्षेत्र में जगह, मेज-कुर्सी, चार्जिंग पॉइंट और जहां उपलब्ध होगा वहां वाई-फाई की सुविधा दी जाएगी। मोबाइल, ब्लूटूथ प्रिंटर, इंटरनेट और निर्धारित वर्दी की व्यवस्था आवेदक को स्वयं करनी होगी।

26 नवंबर आवेदन की अंतिम तिथि

इच्छुक अभ्यर्थी 26 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे तक संबंधित स्टेशनों के बुकिंग कार्यालय से 500 रुपये जमा कर आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन पत्र उत्तर मध्य रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट से भी डाउनलोड किया जा सकता है। पूरी तरह भरे हुए आवेदन आवश्यक दस्तावेजों और फोटो के साथ बंद लिफाफे में 26 नवंबर को दोपहर 1 बजे तक वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्यालय, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, नवाब यूसुफ रोड, प्रयागराज अथवा उप मुख्य यातायात प्रबंधक/स्टेशन निदेशक कार्यालय, कानपुर सेंट्रल में जमा करने होंगे।

प्राप्त आवेदनों को 26 नवंबर को दोपहर 3:30 बजे खोला जाएगा। निर्धारित संख्या से अधिक आवेदन आने पर चयन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि डाक से भेजे गए और अधूरे आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। यह व्यवस्था शुरू होने से यात्रियों को अनारक्षित टिकट लेने में अतिरिक्त सुविधा मिलने की उम्मीद है।