उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक ने रेल कर्मयोगियों के साथ मनाई दिवाली, मिठाई बांटकर बढ़ाया उत्साह

उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक ने रेल कर्मयोगियों के साथ मनाई दिवाली, मिठाई बांटकर बढ़ाया उत्साह

प्रयागराज। दीपावली के पावन अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने प्रयागराज जंक्शन और मंडल नियंत्रण कार्यालय पहुंचकर ड्यूटी पर तैनात रेल कर्मचारियों के साथ दिवाली की खुशियां साझा कीं। उन्होंने रेल कर्मियों को मिठाइयां बांटकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं और यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने में उनके योगदान की सराहना की।

महाप्रबंधक ने प्रयागराज जंक्शन पर क्रू लॉबी का निरीक्षण कर ड्यूटी पर तैनात लोको पायलटों को मिठाई खिलाई। इसके बाद स्टेशन अधीक्षक कार्यालय और मुख्य टिकटिंग निरीक्षक कार्यालय पहुंचकर यात्री प्रबंधन एवं परिचालन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक कार्यालय में उन्होंने स्वच्छता प्रहरियों को मिठाई देकर स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के प्रयासों की प्रशंसा की।

इसके बाद महाप्रबंधक प्रयागराज मंडल नियंत्रण कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने चौबीसों घंटे रेल संचालन की निगरानी कर रहे कर्मचारियों से मुलाकात की और उनके कार्यों की सराहना करते हुए मिठाइयां वितरित कीं।

त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर मध्य रेलवे ने विशेष ट्रेनों, अतिरिक्त कोच, अतिरिक्त टिकट काउंटर, सहायता बूथ, 24 घंटे निगरानी कक्ष, प्लेटफॉर्म पर पेयजल और बैठने की व्यवस्था सहित चिकित्सा सहायता के विशेष इंतजाम किए हैं। यात्रियों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए 139 हेल्पलाइन भी सक्रिय रखी गई है।

महाप्रबंधक ने कहा कि त्योहारों के दौरान भी रेलकर्मी पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। उनके साथ खुशियां साझा करना और उनका उत्साह बढ़ाना रेलवे की प्राथमिकता है।