दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में गरिमा और संकल्प के साथ मनाया गया संविधान दिवस, महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने किया प्रस्तावना का वाचन

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में गरिमा और संकल्प के साथ मनाया गया संविधान दिवस, महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने किया प्रस्तावना का वाचन

सामूहिक प्रस्तावना वाचन कर संविधान के प्रति दोहराई प्रतिबद्धता

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में गुरुवार को संविधान दिवस श्रद्धा, सम्मान और संकल्प के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बिलासपुर स्थित रेलवे मुख्यालय परिसर में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। इसके बाद सभी विभागाध्यक्षों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से प्रस्तावना का पाठ कर संविधान के मूल्यों और आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकृत किया था, जिसे 26 जनवरी 1950 को देशभर में लागू किया गया। भारतीय संविधान देश के लोकतांत्रिक मूल्यों, समानता, न्याय और स्वतंत्रता का आधार है। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है।

कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक सहित सभी विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही रायपुर, बिलासपुर एवं नागपुर मंडलों में भी संविधान दिवस के अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।

इस आयोजन के माध्यम से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उसके आदर्शों को अपने जीवन और कार्यशैली में अपनाने का संकल्प लिया।