दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में ओबीसी कर्मचारी संघ के साथ महाप्रबंधक की बैठक, कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय बिलासपुर में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश की अध्यक्षता में सोमवार को अन्य पिछड़ा वर्ग कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ अनौपचारिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारियों के कल्याण, कार्यस्थल पर बेहतर सुविधाओं, कर्मचारी हितों के संरक्षण और उनकी समस्याओं के समाधान से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में संघ के जोनल अध्यक्ष बी. अप्पाला नायडू, महासचिव हनुमंतु प्रसाद राव सहित बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी दर्शनीता बी. अहलूवालिया सहित मुख्यालय के विभिन्न विभागों के प्रधान विभागाध्यक्ष और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषय महाप्रबंधक और संबंधित विभागाध्यक्षों के समक्ष रखे। इन मुद्दों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। संबंधित विभागाध्यक्षों ने भी प्रस्तुत समस्याओं पर अपना पक्ष रखा।

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने संगठन के प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के उचित निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों से जुड़े विषयों के समाधान के लिए रेलवे प्रशासन और कर्मचारी संगठनों के बीच निरंतर संवाद तथा बेहतर समन्वय जरूरी है।

बैठक में प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक, प्रधान मुख्य वित्त सलाहकार, प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, मुख्य कार्मिक अधिकारी (प्रशासन), उप मुख्य कार्मिक अधिकारी (कल्याण) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई। इसका उद्देश्य अन्य पिछड़ा वर्ग कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के साथ रेलवे प्रशासन और कर्मचारी संगठन के बीच संवाद एवं समन्वय को और मजबूत बनाना रहा।