जहां यात्रियों की मांग, वहां रेलवे चलाएगी अतिरिक्त ट्रेन, दो साल में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने चलाईं करीब 1,000 टीओडी ट्रेनें

जहां यात्रियों की मांग, वहां रेलवे चलाएगी अतिरिक्त ट्रेन, दो साल में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने चलाईं करीब 1,000 टीओडी ट्रेनें

बिलासपुर। त्योहारों, छुट्टियों और विशेष अवसरों पर ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी प्रतीक्षा सूची से यात्रियों को राहत देने के लिए भारतीय रेलवे ने ट्रेन ऑन डिमांड (टीओडी) व्यवस्था को प्रभावी बनाया है। इस व्यवस्था के तहत जिस मार्ग पर यात्रियों की मांग अधिक होती है, वहां जरूरत के अनुसार अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाती हैं। इससे यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ती है और नियमित ट्रेनों पर भीड़ का दबाव कम होता है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने भी इस पहल के तहत पिछले दो वर्षों में लगभग 1,000 टीओडी ट्रेनें संचालित की हैं। रेलवे के अनुसार वर्ष 2025-26 में 402 टीओडी ट्रेनें चलाई गईं। वहीं, चालू वर्ष में 1 अप्रैल से 15 नवंबर 2026 तक 221 टीओडी ट्रेनें संचालित की गईं। इसके अतिरिक्त दूसरे क्षेत्रीय रेलवे की 373 टीओडी ट्रेनें दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे क्षेत्र से होकर गुजरीं।

ऑनलाइन बुकिंग से मांग का लगाया जा रहा सटीक अनुमान

रेलवे अब यात्रियों की जरूरत के अनुसार ट्रेनों की योजना बनाने के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग के आंकड़ों का विश्लेषण कर रही है। लगभग 89 प्रतिशत आरक्षित टिकट ऑनलाइन बुक होने से रेलवे को यह पता लगाने में मदद मिलती है कि किस मार्ग पर और किस तारीख को यात्रियों की मांग अधिक है। प्रतीक्षा सूची और यात्रियों की पूछताछ के आंकड़ों के आधार पर अतिरिक्त ट्रेनों की योजना बनाई जाती है।

हालांकि, टीओडी ट्रेन चलाने से पहले रेल पथ, कोच, अनुरक्षण व्यवस्था, प्लेटफॉर्म और समय-सारणी में उपलब्ध स्थान का आकलन किया जाता है। सभी व्यवस्थाएं अनुकूल होने पर ही अतिरिक्त ट्रेन संचालित की जाती है।

त्योहारों पर हजारों विशेष ट्रेनें संचालित

रेलवे ने अप्रैल 2025 से फरवरी 2026 के बीच त्योहारों और छुट्टियों के दौरान देशभर में लगभग 74,800 विशेष ट्रेन फेरे संचालित किए। वहीं, गर्मियों में यात्रियों की सुविधा के लिए 15 अप्रैल से 15 जुलाई 2026 तक 908 विशेष ट्रेनें स्वीकृत की गईं, जिनसे 18,262 फेरे संचालित हुए। दीपावली और छठ पूजा 2026 के दौरान भी पूरे रेल नेटवर्क पर 18,000 से अधिक विशेष ट्रेन सेवाएं निर्धारित की गईं।

यात्रियों को मिल रहे कई फायदे

ट्रेन ऑन डिमांड व्यवस्था से यात्रियों को अतिरिक्त सीटें और बर्थ उपलब्ध हो रही हैं। त्योहारों पर घर जाने वाले लोगों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ रही है। साथ ही नियमित ट्रेनों में भीड़ कम करने और रेलवे संसाधनों का बेहतर उपयोग करने में मदद मिल रही है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के क्षेत्र से चलने वाली टीओडी ट्रेनों के माध्यम से छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के विभिन्न शहरों तक यात्रा के अतिरिक्त विकल्प मिले हैं।

रेलवे ने यात्रियों से विशेष ट्रेनों की जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट, राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली (एनटीईएस) और हेल्पलाइन नंबर 139 का उपयोग करने की अपील की है। टिकट केवल आईआरसीटीसी की वेबसाइट, ऐप या रेलवे आरक्षण काउंटर से बुक करने की सलाह दी गई है।