त्योहारों में शांति बनाए रखने की अपील, पीस कमेटी की बैठक संपन्न

त्योहारों में शांति बनाए रखने की अपील, पीस कमेटी की बैठक संपन्न

 

 

बहराइच। थाना खैरीघाट के बैवाही चौकी परिसर में आगामी त्योहारों को लेकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

 

थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने क्षेत्र में स्थापित होने वाली 17 दुर्गा प्रतिमाओं के आयोजकों से त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। उन्होंने कमेटी में जिम्मेदार और नशामुक्त सदस्यों का चयन करने तथा पंडाल और दानपात्र की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

 

 

डीजे संचालकों को धार्मिक एवं सांप्रदायिक सौहार्द को ध्यान में रखते हुए कम आवाज में गीत बजाने की हिदायत दी गई। बैठक में पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों से किसी भी तरह की अफवाह या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील भी की।

 

 

बैठक में प्रधान प्रतिनिधि प्रभात जायसवाल, पूर्व प्रधान डॉ. माधवराम वर्मा, कन्हैया लाल वर्मा, प्रधान प्रतिनिधि मुन्ना लाल, अजमेर सिंह समेत दुर्गा पूजा के आयोजक मौजूद रहे।

 

संवाददाता - फिरोज अहमद