जम्मू मंडल में रेलवे पुल संख्या 232 को मिली मजबूती, अब 45 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ेंगी ट्रेनें

जम्मू मंडल में रेलवे पुल संख्या 232 को मिली मजबूती, अब 45 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ेंगी ट्रेनें

बाढ़ से क्षतिग्रस्त पुल का सफलतापूर्वक हुआ पुनर्वास, ढाई से तीन साल बाद गति प्रतिबंध में बड़ी राहत; ट्रेनों के समयपालन में होगा सुधार

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने रेल संरक्षा और परिचालन क्षमता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। भोगपुर सिरवाल-पठानकोट कैंट रेलखंड के कन्दरोरी-पठानकोट कैंट ब्लॉक सेक्शन में स्थित रेलवे पुल संख्या 232 पर लागू गति प्रतिबंध को सफलतापूर्वक शिथिल कर दिया गया है। अब इस पुल से ट्रेनें 45 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से गुजर सकेंगी। इस उपलब्धि से रेल परिचालन अधिक सुचारु होने के साथ ट्रेनों के समयपालन में भी सुधार होगा।

दरअसल, वर्ष 2024 में आई भीषण बाढ़ के कारण पुल की सुरक्षा दीवारों को काफी नुकसान पहुंचा था। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 1 अगस्त 2024 से पुल की अप और डाउन दोनों लाइनों पर 20 किलोमीटर प्रति घंटा की गति सीमा लागू की गई थी। इसके बाद वर्ष 2025 में दोबारा आई बाढ़ के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर गति सीमा घटाकर स्टॉप डेड और 10 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई थी। बाद में परिस्थितियों और तकनीकी जांच के आधार पर इसे चरणबद्ध तरीके से बढ़ाकर 20 और फिर 30 किलोमीटर प्रति घंटा किया गया।

पुल को दोबारा मजबूत और सुरक्षित बनाने के लिए वर्ष 2025 की बाढ़ के बाद सिविल इंजीनियरिंग विभाग ने व्यापक पुनर्स्थापन एवं पुनर्वास कार्य शुरू किए। वरिष्ठ मंडल अभियंता (सीनियर डीईएन) शुभम पवार के नेतृत्व में तकनीकी टीम ने पुल की संरचनात्मक मजबूती पर विशेष ध्यान दिया। इसके तहत जालंधर छोर पर पुल के एबटमेंट को स्थायी रूप से स्थिर करने के लिए समुद्र तल से 309 मीटर की ऊंचाई तक आरएस वॉल का निर्माण किया गया। कठिन परिस्थितियों में तकनीकी और संरचनात्मक कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

रेलवे अधिकारियों और इंजीनियरिंग टीम के निरंतर प्रयासों का परिणाम है कि अब लगभग ढाई से तीन वर्षों बाद पुल पर ट्रेनों की गति सीमा बढ़ाकर 45 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। इससे इस रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही पहले से अधिक सुचारु होगी और अनावश्यक गति प्रतिबंध के कारण होने वाली देरी में कमी आएगी।

इस उपलब्धि पर मंडल रेल प्रबंधक जम्मू विवेक कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पुल संख्या 232 पर गति सीमा बढ़ाकर 45 किलोमीटर प्रति घंटा किया जाना जम्मू मंडल की परिचालन क्षमता और रेल संरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। बाढ़ जैसी प्राकृतिक चुनौतियों के बावजूद सिविल इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने लगातार मेहनत और तकनीकी दक्षता के साथ पुल का सफलतापूर्वक पुनर्वास किया है। इससे ट्रेनों के समयपालन में सुधार होने के साथ यात्रियों का सफर अधिक सुगम, सुरक्षित और आरामदायक बनेगा।

रेलवे की इस उपलब्धि में सीनियर डीईएन शुभम पवार के नेतृत्व में सिविल इंजीनियरिंग विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जम्मू मंडल की यह पहल दर्शाती है कि रेलवे प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने और यात्रियों को सुरक्षित एवं समयबद्ध रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।