मां वैष्णो के दरबार में दीपावली की रौनक, श्रद्धा के साथ पहुंचे हजारों भक्त

कटड़ा।दीपावली के पावन पर्व पर मां वैष्णो देवी का पवित्र भवन रोशनी और भक्ति के रंग में जगमगा उठा। इस शुभ अवसर पर देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने परिवार सहित मां के दरबार में माथा टेककर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। रविवार को दीपावली के दिन करीब 21 हजार श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दर्शन किए।

वहीं, सोमवार को भी मां के भक्तों के कटड़ा पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। सोमवार शाम 6 बजे तक करीब 14 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। लगातार बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए देर शाम तक यात्रा में और बढ़ोतरी होने की संभावना बनी रही।

मौसम भी श्रद्धालुओं के लिए अनुकूल बना रहा। रविवार को कटड़ा, पवित्र भवन और त्रिकुटा पर्वत पर मौसम साफ रहने से यात्रियों को सुगम यात्रा का अनुभव मिला। सोमवार को आसमान में हल्के बादल छाए रहे, लेकिन यात्रा पर इसका कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ा।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से सभी व्यवस्थाएं सुचारू रखी गईं। कटड़ा से सांझीछत तक हेलिकॉप्टर सेवा, भवन से भैरव घाटी तक रोपवे, अर्धकुंवारी से भवन तक बैटरी कार सेवा के साथ घोड़ा, पिट्ठू और पालकी की सुविधाएं भी लगातार उपलब्ध रहीं।

दीपावली के अवसर पर मां के दरबार में उमड़ी श्रद्धा और भक्तों की आस्था ने पूरे कटड़ा को भक्तिमय माहौल से सराबोर कर दिया।