चक्रवाती तूफान और तेज बारिश से फसलों को भारी नुकसान, किसानों ने मुआवजे की मांग की

आलापुर (अंबेडकर नगर) // चक्रवाती तूफान और तेज आंधी और बारिश के कारण फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इलाके में भारी बारिश एवं तेज आंधी की वजह से कई गांवों में ग्रामीणों की तैयार फसले गिर गई है जिससे किसानों का काफी नुकसान हुआ है। तेज हवाओं और जलजमाव के कारण धान, गन्ना, केला और पपीता जैसी मुख्य खरीफ फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है।सब्जियों के खेत पूरी तरह पानी में डूब गए हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक चोट पहुंची है। ग्राम टंडवा देवराम के किसान शंकर यादव, सीताराम यादव ने गन्ने की फसल जमीदोंज होने पर चिन्ता व्यक्त करते हुए कहा कि फसल के गिर जाने से उत्पादन घट जाता है। कस्तूरीपुर निवासी किसान विंध्याचल पांडेय लक्ष्मीकांत पांडेय की कई बीघा धान की फसल गिर गई है इनमे कुछ फसल फूल ली हुई थी तो कुछ फसल आधा पक चुकी थी। लालमन मौर्य ने बताया कि सब्जी की फसल पानी में डूबी हुई थी जिससे सब्जियां सड़ गई है। उपजिलाधिकारी आलापुर धर्मेन्द्र कुमार ने खुद क्षेत्र में उतर कर नुकसान का जायजा लिया और राजस्व कर्मियों को नुकसान से प्रभावित किसानों को चिन्हित करने का निर्देश दिया है।सामाजिक कार्यकर्ता मित्रसेन ने मांग की है कि क्षेत्र  में नुकसान हुई फसलों का सर्वे करवाकर लोगों को उचित मुआवजा दिया जाए जिससे लोगों को राहत मिल सके।