कटड़ा रेलवे स्टेशन पर बिछड़ी बच्ची को रेलवे कर्मचारियों ने सकुशल परिजनों से मिलाया

जम्मू। श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा रेलवे स्टेशन पर जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे कर्मचारियों की तत्परता से परिजनों से बिछड़ी एक बच्ची को सकुशल ढूंढकर उसके परिवार को सौंप दिया गया। बच्ची के मिलने पर परिजनों ने रेलवे प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

जानकारी के अनुसार बच्ची अपने माता-पिता के साथ श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन करने आई थी। इसी दौरान वह अपने परिजनों से बिछड़ गई। बच्ची के लापता होने की सूचना मिलने पर परिजनों ने राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी), रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्टेशन पर तैनात रेलवे कर्मचारियों से मदद मांगी।

सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। यात्री उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से लगातार घोषणाएं कराई गईं और स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान पता चला कि बच्ची भूलवश गाड़ी संख्या 14687 में सवार हो गई थी।

इसके बाद संबंधित कर्मचारियों ने आपसी समन्वय से कार्रवाई करते हुए बच्ची को डुग्गा स्टेशन पर ट्रेन से सुरक्षित उतारा। वहां से बच्ची को श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा रेलवे स्टेशन वापस लाया गया और सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया गया।

बच्ची के सुरक्षित मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली और रेलवे कर्मचारियों की तत्परता की सराहना की। यह सराहनीय कार्य जीआरपी, आरपीएफ और जम्मू के परिचालन नियंत्रण कक्ष के संयुक्त प्रयासों से संभव हो सका।