जम्मू तवी में नए एकीकृत कंट्रोल ऑफिस का शिलान्यास, रेल परिचालन और सुरक्षा को मिलेगी मजबूती

जम्मू तवी में नए एकीकृत कंट्रोल ऑफिस का शिलान्यास, रेल परिचालन और सुरक्षा को मिलेगी मजबूती

जम्मू मंडल में आधुनिक कंट्रोल ऑफिस की नींव रखी गई

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में रेल परिचालन की दक्षता और सुरक्षा को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सोमवार, 19 अक्टूबर 2026 को जम्मू तवी में नए एकीकृत कंट्रोल ऑफिस का शिलान्यास किया गया। इसका शिलान्यास मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने किया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक अक्षय कुमार मरन्टू, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर शुभम पवार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

नए एकीकृत कंट्रोल ऑफिस का उद्देश्य रेलवे के सभी प्रमुख विभागों के नियंत्रण कक्षों को एक ही छत के नीचे लाना है। इसमें परिचालन, इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार और विद्युत सहित विभिन्न विभागों के कंट्रोल संचालित होंगे। इससे विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और ट्रेनों के परिचालन, निगरानी तथा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

आधुनिक सुविधाओं और नवीनतम तकनीक से सुसज्जित यह कंट्रोल ऑफिस रेलवे की कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित और कुशल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके निर्माण से आपात परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने और परिचालन संबंधी निर्णय तेजी से लेने में भी मदद मिलेगी।

जम्मू मंडल में यातायात की बढ़ती आवश्यकताओं और भविष्य में होने वाले विस्तार को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नया एकीकृत कंट्रोल ऑफिस रेल सेवाओं को अधिक सुरक्षित, सुचारु और प्रभावी बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।