पूरनपुर रेलवे स्टेशन पर चलाया गया संरक्षा जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक से यात्रियों को किया जागरूक

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल की ओर से रेल दुर्घटनाओं की रोकथाम और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूरनपुर रेलवे स्टेशन पर संरक्षा जन जागरूकता अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रिकिता के नेतृत्व में आयोजित अभियान के दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों और आमजन को रेल सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी गई।

अभियान के दौरान संरक्षा सलाहकारों ने लोगों को बताया कि ट्रेन में पटाखे, गैस सिलेंडर, पेट्रोल और अन्य ज्वलनशील पदार्थ लेकर यात्रा न करें। ट्रेन के अंदर धूम्रपान करने के साथ ही चलती ट्रेन के पायदान और छत पर यात्रा करना भी बेहद खतरनाक है। प्लेटफार्म बदलने के लिए हमेशा फुट ओवर ब्रिज का इस्तेमाल करने की अपील की गई।

इसके अलावा बंद रेलवे फाटक को अनाधिकृत रूप से पार न करने, रेलवे ट्रैक पार करते समय हेडफोन का इस्तेमाल नहीं करने और पटरियों के किनारे मवेशी नहीं चराने की सलाह दी गई। लोगों को रेलवे ट्रैक और बिजली के खंभों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा रेलवे लाइन के किनारे पतंग नहीं उड़ाने के प्रति भी जागरूक किया गया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य रेल दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना, यात्रियों और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा रेल संरक्षा नियमों के प्रति लोगों की जिम्मेदारी और सहभागिता बढ़ाना है।