अम्बाला मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ का शुभारंभ

अम्बाला। उत्तर रेलवे के अम्बाला मंडल में 17 सितंबर से ?स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026? का शुभारंभ किया गया। मंडल कार्यालय में मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाकर अभियान की शुरुआत की। मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर भी रेलकर्मियों ने स्वच्छता शपथ ली।

यह अभियान 17 से 30 सितंबर 2026 तक चलेगा। इसके बाद 1 से 15 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा तथा 2 से 31 अक्टूबर तक विशेष अभियान 6.0 आयोजित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसरों में साफ-सफाई, स्वच्छता के प्रति जागरूकता और उचित अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देना है।

इस दौरान मंडल के रेलवे स्टेशनों, डिपो, कार्यशालाओं, रेलवे कॉलोनियों, कार्यालयों, अस्पतालों और अन्य रेलवे इकाइयों में विशेष स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने के साथ पर्यावरण-अनुकूल तरीके से कचरा प्रबंधन पर भी जोर दिया जाएगा।

मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया ने अधिकारियों और कर्मचारियों से अभियान में सक्रिय एवं समर्पित भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने और अपने आसपास के लोगों को भी स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की।