अम्बाला मंडल में राजभाषा पखवाड़ा का समापन, हिंदी के उत्कृष्ट प्रयोग करने वाले कर्मचारी सम्मानित

अम्बाला। उत्तर रेलवे के अम्बाला मंडल में 1 से 11 सितंबर तक आयोजित ?राजभाषा पखवाड़ा 2026? का शुक्रवार को पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह के साथ समापन हुआ। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया ने की।

पखवाड़े के दौरान मंडल कार्यालय में हिंदी निबंध, हिंदी टिप्पण एवं प्रारूप लेखन, हिंदी प्रश्नोत्तरी और हिंदी वाक् प्रतियोगिता सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अलावा मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की त्रैमासिक बैठक, कार्मिक शाखा के लिए हिंदी कार्यशाला, टेबल ट्रेनिंग तथा सहारनपुर में हिंदी तकनीकी गोष्ठी का भी आयोजन किया गया।

समापन समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी डी.एस. मीणा ने सहभागिता की, जबकि कार्यक्रम का संचालन राजभाषा अधिकारी अंजली शर्मा ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया ने कहा कि यात्रियों से अधिक से अधिक जुड़ने के लिए दैनिक कार्यालयी कामकाज में हिंदी का प्रयोग बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि राजभाषा पखवाड़े के माध्यम से अम्बाला मंडल हिंदी के प्रचार-प्रसार में निरंतर योगदान दे रहा है।

समारोह के दौरान सरकारी कामकाज में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं और प्रोत्साहन योजनाओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया और अपर मंडल रेल प्रबंधक डी.एस. मीणा ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कार्यालयी कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रोत्साहित किया।