अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में बदलाव आरक्षण काउंटर मुख्य प्रवेश क्षेत्र में और पूछताछ काउंटर यूटीएस भवन के काउंटर नंबर-8 पर पहुंचा

अंबाला। यात्रियों की सुविधा और स्टेशन पर बेहतर यात्री प्रबंधन को लेकर अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर टिकट और पूछताछ व्यवस्था में बदलाव किया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को टिकट और रेलवे संबंधी जानकारी आसानी से उपलब्ध कराने के लिए काउंटरों के स्थान में परिवर्तन किया है।

नई व्यवस्था के तहत आरक्षण काउंटर को मुख्य प्रवेश क्षेत्र में स्थित करंट आरक्षण टिकट काउंटर के साथ वाले दोनों काउंटरों पर स्थानांतरित किया गया है। इससे यात्रियों को स्टेशन के मुख्य प्रवेश क्षेत्र में ही आरक्षण टिकट की सुविधा मिल सकेगी।

वहीं, पूछताछ काउंटर को अनारक्षित टिकट प्रणाली (यूटीएस) भवन के काउंटर संख्या-8 पर स्थानांतरित किया गया है। अब यात्रियों को अनारक्षित टिकट और रेलवे संबंधी पूछताछ की सुविधा एक ही स्थान पर मिल सकेगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, व्यवस्था में यह बदलाव यात्रियों को टिकट और आवश्यक रेलवे जानकारी आसानी से उपलब्ध कराने, यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा स्टेशन पर भीड़ और यात्री प्रबंधन को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से किया गया है।

अंबाला मंडल की ओर से यात्रियों को बेहतर, सुगम और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार यात्री सुविधाओं में सुधार किया जा रहा है। नई व्यवस्था के जरिए यात्रियों के यात्रा अनुभव को और सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया गया है।