अम्बाला मंडल में यात्रियों को स्वच्छता और कचरा पृथक्करण के प्रति किया जागरूक

अम्बाला मंडल में यात्रियों को स्वच्छता और कचरा पृथक्करण के प्रति किया जागरूक

अम्बाला। स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के तहत उत्तर रेलवे के अम्बाला मंडल की ओर से रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान यात्रियों को कचरा पृथक्करण और सिंगल यूज़ प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने के लिए प्रेरित किया गया।

अम्बाला रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में चलाए गए अभियान के दौरान यात्रियों को कचरे को स्रोत पर ही अलग-अलग करने के महत्व की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि कचरे का सही तरीके से पृथक्करण करने से पुनर्चक्रण, पुनः उपयोग और वैज्ञानिक निस्तारण में मदद मिलती है। इससे रेलवे परिसरों को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाए रखने में भी सहयोग मिलता है।

अभियान के दौरान यात्रियों को चार अलग-अलग श्रेणियों में कचरा अलग करने के बारे में जानकारी दी गई। यात्रियों से रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में निर्धारित कूड़ेदानों का ही इस्तेमाल करने तथा यात्रा के दौरान इधर-उधर कचरा नहीं फेंकने की अपील की गई।

इसके साथ ही सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए भी यात्रियों को जागरूक किया गया। प्लास्टिक की बोतलों को स्टेशन परिसर में स्थापित बोतल क्रशर मशीन में डालने के लिए यात्रियों को प्रेरित किया गया।

रेलवे प्रशासन के अनुसार अभियान का उद्देश्य यात्रियों और आमजन में स्वच्छता, कचरा पृथक्करण तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाना और स्वच्छ रेलवे परिसर के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। अभियान में मंडल के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने सहभागिता की।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की कि स्वच्छता केवल रेलवे प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक यात्री और नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छता ही सेवा अभियान के माध्यम से लोगों को स्वच्छता अपनाने और कचरे का उचित निस्तारण करने के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है।