अंबाला मंडल ने माल ढुलाई में बनाया नया कीर्तिमान, तीन रैक से कमाए 48.49 लाख रुपये

अंबाला मंडल ने माल ढुलाई में बनाया नया कीर्तिमान, एक दिन में लोड किए ट्रैक्टरों के तीन रैक

अंबाला। उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल ने माल ढुलाई के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मंडल के वाणिज्य विभाग की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट ने परिचालन विभाग के बेहतर समन्वय और स्वराज ट्रैक्टर्स, मोहाली तथा महिंद्रा लॉजिस्टिक्स लिमिटेड के सहयोग से 18 सितंबर 2026 को चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से एक ही दिन में ट्रैक्टरों के तीन रैक लोड किए।

अंबाला मंडल में यह पहली बार है, जब एक ही दिन में ट्रैक्टरों के तीन रैक सफलतापूर्वक लोड किए गए। तीनों रैकों के माध्यम से कुल 81 वैगनों में ट्रैक्टर देश के विभिन्न हिस्सों के लिए भेजे गए। इससे रेलवे को कुल 48.49 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

पहले रैक में 24 एनएमजी वैगनों के माध्यम से ट्रैक्टर राशिपुरम, तमिलनाडु भेजे गए, जिससे रेलवे को 22.04 लाख रुपये की आय हुई। दूसरे रैक में 32 डीबीकेएम वैगनों से ट्रैक्टर फतुहा, बिहार भेजे गए, जिससे 15 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं तीसरे रैक में 25 एनएमजी वैगनों के माध्यम से ट्रैक्टर कंकरिया, गुजरात भेजे गए, जिससे रेलवे को 11.45 लाख रुपये की आय हुई।

अंबाला मंडल की ओर से माल ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप रेल परिवहन को अधिक सुविधाजनक एवं प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। रेलवे द्वारा माल को विभिन्न गंतव्यों तक सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

मंडल का वाणिज्य विभाग माल ग्राहकों के साथ लगातार संपर्क और समन्वय बनाए रखते हुए रेल माल ढुलाई को बढ़ावा देने तथा नए माल यातायात को रेलवे की ओर आकर्षित करने के लिए प्रयासरत है। एक ही दिन में तीन ट्रैक्टर रैक की लोडिंग से अंबाला मंडल की माल ढुलाई क्षमता को बढ़ावा मिला है।