अजमेर मंडल में आपदा प्रबंधन की तैयारियों का सफल परीक्षण, 26 मिनट में पूरी हुई मॉक ड्रिल

अजमेर। रेल दुर्घटना और आपातकालीन परिस्थितियों में यात्रियों की सुरक्षा तथा त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने शनिवार को सफल मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इस अभ्यास के दौरान रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों की मुस्तैदी, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और आधुनिक राहत उपकरणों की कार्यक्षमता को परखा गया।

मॉक ड्रिल के तहत सुबह 11:08 बजे पुष्कर स्टेशन मास्टर ने नियंत्रण कक्ष को सूचना दी कि गाड़ी संख्या 59603 अजमेर?पुष्कर पैसेंजर की शंटिंग के दौरान इंजन और एक कोच यार्ड में बेपटरी हो गए हैं। इस काल्पनिक दुर्घटना में एक पॉइंट्समैन के घायल होने की सूचना भी दी गई।

सूचना मिलते ही सुबह 11:09 बजे नियंत्रण कक्ष में सायरन बजाया गया और मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा, अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक मोनिका यादव सहित सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचित किया गया। इसके एक मिनट बाद ही अजमेर स्टेशन से दुर्घटना राहत चिकित्सा यान रवाना करने के आदेश जारी कर दिए गए।

महज 4 मिनट में राहत यान हुआ रवाना होने के लिए तैयार

सूचना मिलने के कुछ ही मिनटों में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी नियंत्रण कक्ष और अजमेर स्टेशन पहुंच गए तथा राहत एवं बचाव कार्यों की कमान संभाल ली। दुर्घटना राहत यान सुबह 11:30 बजे साइडिंग से निकला और मात्र 4 मिनट में 11:34 बजे अजमेर स्टेशन के प्लेटफॉर्म लाइन नंबर 03 पर रवाना होने के लिए पूरी तरह तैयार हो गया।

इस दौरान राहत एवं बचाव दल ने हाइड्रोलिक कटर, स्प्रेडर और आपातकालीन प्रकाश व्यवस्था जैसे आधुनिक उपकरणों के संचालन का भी अभ्यास किया। सभी विभागों के बीच समन्वय और राहत दल की तत्परता का मूल्यांकन करने के बाद सुबह 11:36 बजे सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी ने मॉक ड्रिल घोषित की।

यह अभ्यास मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी बीएल मीणा के निर्देशन में आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य वास्तविक रेल दुर्घटना या आपात स्थिति में सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल और कम से कम समय में राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की क्षमता को परखना था।

रेलवे की इस पहल से आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने और किसी भी आपातकालीन स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।